रुद्रपुर। रंपुरा में मार्कशीट सत्यापन के लिए गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। इस दौरान महिलाओं ने एक सिपाही की वर्दी फाड़ दी और दूसरे का मोबाइल तोड़ दिया। सूचना पर आई कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार रंपुरा चौकी में तैनात दो पुलिसकर्मी एक छात्रा की मार्कशीट और संबंधित अभिलेखों की जांच के लिए वार्ड-24 स्थित जीएस पब्लिक स्कूल पहुंचे थे।
वहां प्रधानाचार्य के मौजूद न होने की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी उनके आवास पर पहुंच गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दस्तावेज में जिस मकान को किराये का दर्शाया गया था उसकी वास्तविक स्थिति के लिए पूछताछ की जा रही थी।इसी दौरान कुछ महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि महिलाओं ने एक सिपाही के साथ हाथापाई कर उसकी वर्दी फाड़ दी।
वहीं दूसरे सिपाही ने जब मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया। इस दौरान एक सिपाही घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश सिंह दानू और रंपुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दो महिलाओं और एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया।
पुलिस टीम घायल सिपाही को जिला अस्पताल लेकर पहुंची और इलाज के साथ ही चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।
तीन महीने बाद फिर हुआ हमला
कोतवाली क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यानी एक फरवरी 2026 को स्मैक तस्करी की सूचना पर पहुंची एएनटीएफ और आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस पर पथराव और हमला हो चुका है। उस समय एक कांस्टेबल घायल हुआ था। तीन महीने बाद फिर वर्दी पर हुए हमले ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।
मामले की जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मी अपने नियमित सरकारी कार्य और सत्यापन प्रक्रिया के तहत मौके पर गए थे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। – विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर
About The Author
You may also like
हल्द्वानी: सुप्रीम कोर्ट के आदेश से छोटे कारोबारियों की आजीविका पर संकट, वरिष्ठ कांग्रेसी ललित जोशी ने सरकार से की हस्तक्षेप की मांग
गायिका नेहा सिंह राठौर का नाम जोड़कर ‘सेक्स रैकेट’ की खबर चलाने पर विवाद, ABP ने मांगी माफी
गिरधारी लाल साहू तहरीर वापस लेने का बना रहे दबाव, रेखा आर्या बोलीं- आरोपों की जांच के लिए तैयार हूं
उत्तराखंड राज्य सेवा संकल्प अभियान, मेरे सपनों का भारत – विकसित भारत @2047 के अनुक्रम में धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंदनगर की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति’ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत सूर्य नमस्कार योग सत्र का आयोजन
एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने का आदेश, CJP प्रोटेस्ट में हुए थे शामिल

