जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत का 50वां स्थापना दिवस उल्लास के साथ मनाया

ताड़ीखेत :जवाहर नवोदय विद्यालय, ताड़ीखेत का 50वां स्थापना दिवस बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मान समारोह के साथ धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य पंकज श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने तथा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुआ।
संगीत अध्यापक डी.सी. जोशी के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने कुमाऊनी,मराठी, राजस्थानी, पंजाबी, गुजराती सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्राचार्य पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय के भूतपूर्व छात्र आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने वर्षभर अच्छे अंक प्राप्त और योग, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने तथा सिविल सेवा एवं एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने उनसे सिविल सेवा और एनडीए परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों और सफलता के लिए अनुशासित तैयारी, निरंतर अध्ययन तथा आत्मविश्वास का महत्व बताया।
इस अवसर पर एसबीआई शाखा प्रबंधक निशू यादव, लाखन सिंह राणा, अनुराधा शर्मा, धनाक्षी पांडे, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य राकेश कुमार दुबे, ज्योति बोहरा, ज्योति धनेरवाल, रेशमा मेहरा, गौरव भट्ट, पूर्व अध्यापक पूरन सिंह मनराल, सुब्रा डोभाल, आदिल खान, नेहा छिब्बा, पंकज कुमार, हरीश सिंह नेगी, तपेश कांडपाल दिनेश घुघुतियाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं अभिभावक अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

About The Author