खदरी में टूटी पुलिया की रेलिंग बनी खतरा, पांच माह से मरम्मत का इंतजार

ऋषिकेश।ग्राम सभा खदरी खड़क माफ में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान के समीप सिवरेज नाले पर लोक निर्माण विभाग ऋषिकेश द्वारा निर्मित पुलिया की सुरक्षा रेलिंग निराश्रित गौवंश की लड़ाई में क्षतिग्रस्त हुए पाँच माह बीत चुके हैं लेकिन विभाग को सूचना होने के बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।जिससे आने जाने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। जिला गंगा संरक्षण समिति देहरादून के नामित सदस्य समाजसेवी विनोद प्रसाद जुगलान ने बताया कि यहां से न केवल संस्थान में डिप्लोमा की पढ़ाई करने वाले सैकड़ों की संख्या में छात्र छात्राएं गुजरते हैं बल्कि ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित अमृत सरोवर में नौकायन के लिए भी बड़ी संख्या में ग्रामीण आते हैं।ऐसे में दुर्घटना की पूर्ण आशंका बनी हुई है।जुगलान ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से लोक निर्माण विभाग ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता भृगु द्विवेदी को इसकी लिखित और मौखिक सूचना देते हुए जनहित में त्वरित सुरक्षा उपायों की मांग की थी। किन्तु पांच माह बीत जाने के बाद भी पुलिया की सुरक्षा रैलिंग को रिपेयर नहीं किया जा रहा है।इससे यहां आए दिन पशु नाले में गिर रहे हैं।साथ ही राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के लिए पुलिया की टूटी हुई रेलिंग खतरा बनी हुई है।उन्होंने कहा कि आखिर सरकारी विभाग बड़ी दुर्घटनाओं के बाद ही क्यों जागते हैं। उन्होंने कहा यदि रेलिंग की मरम्मत नहीं की जाती है और किसी भी प्रकार की दुर्घटना होती है तो की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग ऋषिकेश की होगी।जनप्रतिनिधियों को भी इस ओर संज्ञान लेते हुए ध्यान देना चाहिए।

About The Author