भारी बारिश के अलर्ट के चलते देहरादून में 18 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

Bदेहरादून, 17 अगस्त 2026। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने 18 अगस्त 2026 को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डा. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून तथा National Disaster Alert Portal से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 18 अगस्त की मध्याह्न तक जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा की तीव्रता के अत्यधिक बढ़ने की संभावना है। इसके मद्देनजर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार देहरादून जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी स्कूलों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 18 अगस्त को बंद रखा जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबंधित संस्थानों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह निर्णय आपदा न्यूनीकरण एवं विद्यार्थियों तथा बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

About The Author