साहित्य और संस्कृति का संगम: देहरादून में ‘दून पुस्तक महोत्सव 2026’ का भव्य समापन

साहित्य और संस्कृति का संगम: देहरादून में ‘दून पुस्तक महोत्सव 2026’ का भव्य समापन
राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित 9 दिवसीय ‘दून पुस्तक महोत्सव 2026’ का आज रंगारंग समापन हो गया। 4 अप्रैल से शुरू हुए इस महाकुंभ ने साहित्य, कला और संस्कृति के विविध रंगों से शहर को सराबोर कर दिया। महोत्सव के अंतिम दिन तक हजारों की संख्या में विद्यार्थी, लेखक और आमजन इस बौद्धिक उत्सव का हिस्सा बने। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) द्वारा आयोजित इस मेले ने उत्तराखंड को एक प्रमुख साहित्यिक केंद्र के रूप में नई पहचान दी है।
महोत्सव में आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों, साहित्यकारों और कलाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे महोत्सव के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भाषाई विविधता और बौद्धिक परंपरा का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला।

‘दून लिट फेस्ट’ के अंतर्गत देश के प्रख्यात लेखकों, चिंतकों, पत्रकारों, फिल्मकारों और शिक्षाविदों ने अपने विचार साझा किए। इनमें नितिन सेठ, कुलप्रीत यादव, आचार्य प्रशांत, अद्वैता काला, जुपिंदर सिंह, वैभव पुरंदरे, संजीव चोपड़ा, चंद्रचूर घोष, अनुज धर, कर्नल अजय रैना, ब्रिगेडियर सुशील तनवर सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल रहे। इन सत्रों में इतिहास, साहित्य, सिनेमा, नेतृत्व, तकनीक, राष्ट्रवाद और समसामयिक विषयों पर गहन और सार्थक संवाद हुए, जिन्होंने श्रोताओं को नई दृष्टि और प्रेरणा प्रदान की।
विशेष आकर्षण के रूप में सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला तथा अन्य विशिष्ट वक्ताओं के सत्रों ने युवाओं और विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रेरित किया। इन संवादों ने न केवल ज्ञानवर्धन किया, बल्कि जीवन और करियर के प्रति नई सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

About The Author