कारगिल विजय दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

79 यू.के. बटालियन एन.सी.सी, नैनीताल के निर्देशन में एम.पी.एच.आई.सी. रामनगर एवं पी.एम.श्री.जी.आई.सी. रामनगर के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस देशभक्ति, उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया गया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी हेम चन्द्र पाण्डे ने जानकारी दी, कि कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया। उपस्थित सभी कैडेटों एवं अधिकारियों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार शर्मा एवं पूर्व एनसीसी अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा ने कैडेटस को संबोधित करते हुए कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में अद्वितीय वीरता और साहस का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की थी। यह दिवस देश के उन अमर वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण, हरित भारत और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देते हुए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।

कार्यक्रम में एम.पी.एच.आई.सी. रामनगर से जूनियर विंग (JW) के 46, जूनियर डिवीजन (JD) के 47, सीनियर डिवीजन (SD) के 40 तथा सीनियर विंग (SW) की 50 कैडेट्स ने भाग लिया। वहीं जी.आई.सी. रामनगर से सीनियर डिवीजन (SD) के 40 कैडेट्स उपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 223 कैडेट्स ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर एन. सी.सी. के कैप्टन पंकज जैन, फस्ट आफिसर जफर अली, केयरटेकर दिव्या पाठक, बटालियन के एक्स सर्विसमैन हवलदार जसवंत सिह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

About The Author