प्रवेश जागरूकता कार्यक्रम में 50 से अधिक शिक्षार्थियों ने लिया भाग


हल्द्वानी, 07 अक्टूबर 2026।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के आदर्श अध्ययन केन्द्र, हल्द्वानी (16000) द्वारा सत्र जुलाई 2026 में प्रवेश को लेकर प्रवेश जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक शिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान करना तथा प्रवेश प्रक्रिया, उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं और प्रवेश की अंतिम तिथि के संबंध में जागरूक करना था। प्रतिभागियों को विशेष रूप से विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे समय पर अपना प्रवेश पूर्ण कर सकें।
कार्यक्रम में आदर्श अध्ययन केन्द्र, हल्द्वानी (16000) के समन्वयक डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने शिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की मुक्त एवं ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था, अध्ययन केन्द्र की सुविधाओं तथा प्रवेश के बाद उपलब्ध शैक्षणिक सहयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शिक्षार्थियों से अपील की कि वे अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार उपयुक्त पाठ्यक्रम का चयन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश लें।
कार्यक्रम में सह-समन्वयक डॉ. विनय रावत द्वारा शिक्षार्थियों को अध्ययन केन्द्र से प्राप्त सुविधाओं एवं इसकी उपयोगिता के बारे में बताया गया। इसके साथ ही अध्ययन केन्द्र के अन्य सदस्य डॉ. मनीषा पंत, डॉ. प्रदीप पंत एवं डॉ. राजेश मठपाल तथा स्टाफ असिस्टेंट रक्षिता काण्डपाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षार्थियों द्वारा प्रवेश एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से विश्वविद्यालय के प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 से पहले प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का आह्वान किया गया।
आदर्श अध्ययन केन्द्र, हल्द्वानी (16000) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा के अवसरों के प्रति शिक्षार्थियों को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

About The Author