उत्तराखंड की धरती ने प्रकृति की अनुपम सुंदरता के साथ-साथ ऐसे रचनाकारों को भी जन्म दिया है, जिन्होंने इस हिमालयी अंचल की संवेदनाओं, संघर्षों, लोकजीवन और संस्कृति को अपनी सृजनशीलता से अमर कर दिया। नरेन्द्र सिंह नेगी ऐसे ही महान लोकगायक, गीतकार और संगीत साधक हैं, जिन्होंने उत्तराखंड के पहाड़ को केवल गाया नहीं, बल्कि उसकी आत्मा को शब्द, स्वर और संगीत प्रदान किया है।
नेगी जी के गीतों में पहाड़ की पगडंडियाँ हैं, गांवों की मिट्टी की खुशबू है, खेत-खलिहानों की मेहनत है, पहाड़ की स्त्री का संघर्ष है, प्रवास की पीड़ा है, सैनिक का समर्पण है, प्रेम की कोमल अनुभूति है और बदलते उत्तराखंड की सामाजिक-राजनीतिक चेतना भी है। उन्होंने लोकजीवन के शायद ही किसी ऐसे पक्ष को छोड़ा हो, जिसे अपनी रचनाओं में स्थान न दिया हो।
उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उन्होंने लोक संस्कृति को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बनने दिया, बल्कि उसे समाज की स्मृति, पहचान और चेतना का दस्तावेज बना दिया। उनके गीतों में उत्तराखंड का इतिहास बोलता है, वर्तमान दिखाई देता है और भविष्य के लिए अनेक सवाल भी खड़े होते हैं।
नरेन्द्र सिंह नेगी जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से गढ़वाल की लोकभाषा और लोकधुनों को नई प्रतिष्ठा दी। उन्होंने पहाड़ की बोली को गीतों का गौरव बनाया और यह सिद्ध किया कि स्थानीय भाषा और लोकसंस्कृति में इतनी शक्ति है कि वह राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक मंच पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना सकती है।
उनकी रचनाधर्मिता ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज जब तेजी से बदलती दुनिया में स्थानीय भाषाएँ, लोक परंपराएँ और सांस्कृतिक स्मृतियाँ चुनौती का सामना कर रही हैं, तब नेगी जी का सृजन और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है।
नरेन्द्र सिंह नेगी केवल एक गायक का नाम नहीं हैं; वे उत्तराखंड की सामूहिक स्मृति की आवाज हैं। वे उस पहाड़ की आवाज हैं, जो कभी अपनी पीड़ा में मौन रहा, लेकिन उनके गीतों में बोल उठा। वे उस लोक की आवाज हैं, जिसने अपनी परंपराओं, रिश्तों, संघर्षों और सपनों को उनके शब्दों में पहचान पाया।
आज उनके जन्मदिन के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए मन में यही भाव उठता है कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को शब्दों और सुरों में संरक्षित करने का उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
आदरणीय नरेन्द्र सिंह नेगी जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ।
ईश्वर आपको दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और निरंतर सृजन की शक्ति प्रदान करे। आपके स्वर यूँ ही पहाड़ की घाटियों में गूंजते रहें, आपकी कलम यूँ ही लोक की धड़कनों को शब्द देती रहे और आपकी रचनाएँ आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों, अपनी भाषा और अपनी संस्कृति से जोड़ती रहें।
आपने पहाड़ को केवल गाया नहीं है आपने पहाड़ को उसकी आवाज दी है।
सादर नमन एवं जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ।🌺🌺🌺🌺
प्रो. (डॉ.) राकेश चन्द्र रयाल (मनरागी)
शिक्षाविद एवं लोक संवाहक
उत्तराखंड
About The Author
You may also like
हल्द्वानी: सुप्रीम कोर्ट के आदेश से छोटे कारोबारियों की आजीविका पर संकट, वरिष्ठ कांग्रेसी ललित जोशी ने सरकार से की हस्तक्षेप की मांग
गायिका नेहा सिंह राठौर का नाम जोड़कर ‘सेक्स रैकेट’ की खबर चलाने पर विवाद, ABP ने मांगी माफी
गिरधारी लाल साहू तहरीर वापस लेने का बना रहे दबाव, रेखा आर्या बोलीं- आरोपों की जांच के लिए तैयार हूं
उत्तराखंड राज्य सेवा संकल्प अभियान, मेरे सपनों का भारत – विकसित भारत @2047 के अनुक्रम में धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंदनगर की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति’ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत सूर्य नमस्कार योग सत्र का आयोजन
एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने का आदेश, CJP प्रोटेस्ट में हुए थे शामिल

