“भारतीय भाषाओं में ज्ञान परंपरा” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन

हिन्दी विभाग, बरेली कॉलेज, बरेली द्वारा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ दिनांक 1 मई 2026 को सभागार, बरेली कॉलेज, बरेली में हुआ। संगोष्ठी का आयोजन 1 एवं 2 मई 2026 तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से किया जा रहा है।
संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारतीय भाषाओं को देश की संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान एवं परंपरा की सशक्त आधारशिला बताते हुए नई शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत मातृभाषा आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, दिल्ली के सचिव डॉ. अतुल भाई कोठारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संगोष्ठी में देशभर से शिक्षाविद, शोधार्थी एवं भाषा विशेषज्ञ प्रतिभाग कर रहे हैं।
संगोष्ठी के अंतर्गत भारतीय ज्ञान परंपरा, प्राचीन शास्त्र, लोकभाषाएँ, पर्यावरण, भारतीय संस्कृति एवं नई शिक्षा नीति-2020 जैसे विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि ईमेल के माध्यम से प्राप्त शोध पत्रों को पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा।
यह संगोष्ठी भारतीय भाषाओं के माध्यम से ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन एवं समकालीन शिक्षा से उसके संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

About The Author