छात्र संख्या बढ़ने पर कुलपति ने जताया आभार, नए शिक्षकों का हुआ स्वागत

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विश्वविद्यालय के बहुउद्देश्यीय भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की हालिया उपलब्धियों पर सभी का आभार व्यक्त करना था। विशेष रूप से वर्तमान सत्र में छात्र संख्या में हुई उल्लेखनीय वृद्धि को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया गया। कुलपति प्रो. लोहनी ने इस सफलता के लिए सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय में अस्थायी रूप से नियुक्त 14 नए शिक्षकों का भी स्वागत किया गया। कुलपति ने नए शिक्षकों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
बैठक में कुलसचिव खेमराज भट्ट, प्रो. गिरिजा भट्ट, प्रो. पी. डी. पंत तथा प्रो. रेनू प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर परिणामों के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

About The Author