उत्तराखंड में 1 मई से बदल जाएगा स्कूलों का टाइम, जानें कितने बजे से कब तक लगेंगी क्लासेज

उत्तराखंड में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने घोषणा की है कि 1 मई 2026 से राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव किया जाएगा। सरकार के इस फैसले को छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। इससे बच्चों की सेहत पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी और वे सुरक्षित तरीके से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

नए आदेश के अनुसार, अब उत्तराखंड के सरकारी स्कूल सुबह 7:30 बजे से लेकर दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे। पहले स्कूलों का समय सुबह 7:45 बजे से दोपहर 2:05 बजे तक था, ऐसे में अब छात्रों को सुबह थोड़ा पहले पहुंचना होगा, लेकिन उनकी छुट्टी करीब 35 मिनट पहले हो जाएगी। इससे बच्चों को दोपहर की तेज धूप में घर लौटने से काफी हद तक राहत मिलेगी। इस फैसले का उद्देश्य खासतौर पर बच्चों को तेज धूप और लू के प्रभाव से बचाना है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके चलते अगले कुछ दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि अप्रैल के अंत से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए दोपहर के समय स्कूल से घर लौटना मुश्किल और स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा था। अभिभावकों की चिंताओं और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

About The Author