उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की डॉ. गरिमा पुनेठा को युवा वैज्ञानिक पुरस्कार

चंपावत जिले के पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता और भारी धातुओं पर उत्कृष्ट शोध प्रस्तुति के लिए UCOST ने किया सम्मानित
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है कि विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. गरिमा पुनेठा को उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) द्वारा युवा वैज्ञानिक पुरस्कार (Young Scientist Award) से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान 25 एवं 26 अक्टूबर को आयोजित 21वें राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन में रासायनिक विज्ञान (Chemical Science) के अंतर्गत उत्कृष्ट मौखिक शोध प्रस्तुति (Oral Presentation) के लिए प्रदान किया गया।
सम्मेलन में डॉ. पुनेठा ने “Hydrogeochemical Profiling and Water Quality Assessment of Trace and Heavy Metals and Uranium in Drinking Water Sources of Champawat District, Uttarakhand” विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया। उनके शोध में उत्तराखण्ड के चंपावत जिले के विभिन्न पेयजल स्रोतों की जल-भूरासायनिक विशेषताओं एवं जल गुणवत्ता का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया। इसमें पेयजल स्रोतों में सूक्ष्म तत्वों, भारी धातुओं तथा यूरेनियम की उपस्थिति और उनके आकलन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
डॉ. पुनेठा का यह शोध पेयजल की गुणवत्ता के वैज्ञानिक मूल्यांकन, जल स्रोतों में विभिन्न तत्वों की उपस्थिति की पहचान तथा सुरक्षित पेयजल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझने की दिशा में उल्लेखनीय है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के पेयजल स्रोतों के संदर्भ में इस प्रकार का शोध पर्यावरणीय एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
डॉ. गरिमा पुनेठा की इस उपलब्धि से उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई पहचान मिली है। यह सम्मान विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शोध, वैज्ञानिक नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रोत्साहित करता है।

About The Author