नई उड़ान, नए सपने और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में दीक्षारंभ एवं परामर्श कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में दीक्षारंभ एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित

हल्द्वानी, 18 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) में रविवार को जुलाई 2026 सत्र के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली, स्व-अध्ययन सामग्री तथा विभिन्न विद्यार्थी सहायता सुविधाओं से परिचित कराना था। कार्यक्रम का प्रारंभ विश्वविद्यालय कुलगीत एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन, नियमित अध्ययन और समर्पण के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में समन्वयक आदर्श अध्ययन केन्द्र ,हल्द्वानी (16000) डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय एवं अध्ययन केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। प्रो. गिरिजा पांडे ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली तथा स्व-अध्ययन के महत्व को समझाया। प्रो. जितेंद्र पांडे ने अकादमिक, पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला | प्रो. एम. एम. जोशी ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा में अध्ययन केंद्रों की भूमिका की महत्ता के बारे में बताया। डॉ. सुमित प्रसाद ने प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की| डॉ. दीपांकर जोशी ने एमपीडीडी से प्राप्त अध्ययन सामग्री पर प्रकाश डाला प्रो. आशुतोष भट्ट ने परीक्षा प्रणाली ,असाइनमेंट , बैक फॉर्म के बारे में अवगत कराया तथा डॉ. राजेश मठपाल ने प्रायोगिक कार्यों एवं कार्यशालाओं के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित पुस्तकों एवं संदर्भ सामग्री की शैक्षणिक पुस्तक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए उपयोगी पुस्तकों की जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में ऑफलाइन माध्यम से 350 से अधिक तथा ऑनलाइन माध्यम से 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से परिचित कराने तथा उन्हें स्वतंत्र अध्ययन के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन उत्तराखण्ड मुक्त विश्विद्यालय के कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने किया। कार्यक्रम का संचालन डा मनीषा पन्त द्वारा किया गया | इस अवसर पर विभिन्न संकायों के निदेशकगण डा रेनू प्रकाश , डा डीगर सिंह फर्स्वान, डा मंजरी अग्रवाल, डा गगन सिंह, डा अरविन्द भट्ट, डा राकेश रयाल डा शशांक शुक्ला समेत विभिन्न संकायों से अनेक शिक्षक उपस्थित रहे| साथ ही आदर्श अध्ययन केन्द्र से सह समन्वयक डा विनय रावत,डा प्रदीप पन्त,श्रीमती रक्षिता कांडपाल एवं कार्यक्रम संचालन समिति सदस्य डा मिनाक्षी राणा , डा प्रियंका शर्मा , डा निर्मला तडागी समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे |कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ |

About The Author