उर्मिला सनावर की गिरफ़्तारी के बाद हरिद्वार पहुंची CBI टीम, पुलिस से जुटाई जानकारी

उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम बीते बुधवार को हरिद्वार पहुंची और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

उर्मिला की गिरफ़्तारी के बाद हरिद्वार पहुंची CBI की टीम
सीबीआई की टीम ने उर्मिला के खिलाफ दर्ज मुकदमे, गिरफ्तारी और संबंधित कार्रवाई के बारे में जानकारी जुटाई। अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के बाद सीबीआई की टीम वापस लौट गई। फिलहाल, सीबीआई की ओर से इस दौरे के उद्देश्य और आगे की कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बता दें इस घटनाक्रम से अंकिता हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका की जांच और उर्मिला के खिलाफ दर्ज अलग मुकदमे के बीच कानूनी प्रक्रियाओं को लेकर हलचल बढ़ गई है। हालांकि, दोनों मामलों की जांच और कानूनी स्थिति अलग-अलग हैं। हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई के बीच CBI की सक्रियता से अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि उर्मिला के प्रस्तावित नार्को टेस्ट की प्रक्रिया आगे किस तरह बढ़ती है।

सुरेश राठौर की बेटी की तहरीर पर हुई गिरफ़्तारी
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका की जांच कर रही CBI उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट कराना चाहती है। इस सिलसिले में उर्मिला और पूर्व विधायक सुरेश राठौर को न्यायालय में पेश किए जाने और परीक्षण के लिए सहमति से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी सामने आई थी। इसी बीच 25 अक्टूबर को हरिद्वार पुलिस ने उर्मिला को एक अलग मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया। यह मुकदमा पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में धमकी देकर पांच करोड़ रुपये मांगने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियों के माध्यम से शिकायतकर्ता और उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा, व्हाट्सएप कॉल के जरिये रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया गया। मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी

About The Author