देहरादून Airport पर नई पार्किंग नीति लागू… अब एंट्री टोकन का झंझट खत्म, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

देहरादून Airport पर नई पार्किंग नीति लागू… अब एंट्री टोकन का झंझट खत्म, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
देहरादून एयरपोर्ट पर नई पार्किंग नीति लागू कर दी गई है। इससे एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों की सुविधा में वृद्धि होगी। वहीं, कमर्शियल वाहनों को भी इसमें भारी छूट दी गई है।

एयरपोर्ट में प्रवेश करने के समय जो टोकन लेने की व्यवस्था थी, उसे हटा दिया गया है। इसके साथ ही समय शुल्क को भी समाप्त किया गया है।

देहरादून एयरपोर्ट के निदेशक बीसीएच नेगी ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के कॉर्पोरेट मुख्यालय से संशोधित वाहन पार्किंग नीति लागू कर दी गई है। देहरादून हवाई अड्डे सहित सभी हवाई अड्डों पर इसे लागू किया जाएगा।

इस नीति का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा देना है। उन्होंने बताया कि पहले निर्धारित समय सीमा से अधिक रुकने वाले वाहनों से अतिरिक्त शुल्क लिया जाता था, अब इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया है।
हवाई अड्डे पर गैर एएआई लाइसेंस प्राप्त वाणिज्यिक वाहनों के लिए लेन पिकअप पर पहले लागू 345 रुपये का अतिरिक्त समय शुल्क भी कम कर दिया गया है। इसके स्थान पर 80 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। टोल बूथ अब निर्धारित पार्किंग क्षेत्र के बाहर स्थापित किए जाएंगे।

About The Author